
चक्रधरपुर : रेल नगरी के पोर्टरखोली में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को उच्च पुलिस अधिकारियों की टीम ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
पोर्टरखोली में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह पारंपरिक मेला चक्रधरपुर का सबसे मुख्य आकर्षण माना जाता है। 4 सितंबर को जन्माष्टमी पर्व संपन्न होने के पश्चात श्रद्धालुओं एवं दर्शको की भारी भीड़ जुटने की संभावना को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने अपने सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं।
स्थल निरीक्षण के दौरान प्रोबेशनर आईपीएस राजकुमार राजू, प्रोबेशनर डीएसपी मुकेश कुमार तथा थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने पूजा समिति व मेला आयोजकों के साथ समन्वय बैठक की। इस दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं शांति-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस वर्ष भी मेले में आने वाले लोगों के आनंद के लिए कई तरह के झूले और मनोरंजक साधन लगाए जा रहे हैं। इनमें टावर झूला, मौत का कुआं, टोरा-टोरा, ड्रैगन झूला और जलपरी मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के खाद्य स्टॉल, खिलौने एवं कॉस्मेटिक्स की दुकानें भी सजाई जा रही हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
प्रोबेशनर आईपीएस राजकुमार राजू ने नागरिकों से शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव मनाने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों को भीड़-भाड़ में अपने कीमती सामान जैसे पर्स, मोबाइल एवं आभूषणों की सुरक्षा के प्रति सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की
Read Also Chaibasa News : एमएमडीआर एक्ट पर झामुमो-कांग्रेस गांव-गांव में फैला रही है भ्रम : मधु कोड़ा

