चतरा : चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने गिद्धौर थाना प्रभारी शिवा यादव, सीसीटीएनएस ऑपरेटर दिलीप कुमार और मुंशी महेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। यह कार्रवाई एक वायरल वीडियो और आंतरिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
इन पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने एक तस्कर के साथ मिलकर एक युवक को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उठाने की कोशिश की। यह मामला तब सामने आया जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
घटना राजपुर थाना क्षेत्र के बिंधानी गांव की है। वीडियो में दिख रहा है कि तीनों पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में एक निजी नीले रंग की बलेनो कार से गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने संदीप दांगी नाम के युवक को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान न तो स्थानीय थाना को जानकारी दी गई और न ही किसी तरह की कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई।
गांव वालों ने विरोध किया तो भागी पुलिस
जब गांव वालों और युवक के परिजनों ने विरोध किया, तो स्थिति बिगड़ने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके से भाग गए। वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल को जांच सौंपी। जांच में पुलिसकर्मियों पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को निलंबित कर दिया।
जिस निजी कार से पुलिसकर्मी पहुंचे थे, उसे कोई सरकारी ड्राइवर नहीं बल्कि बिट्टू दांगी नाम का व्यक्ति चला रहा था। बताया जा रहा है कि उसका आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

