रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पदभार संभालने के तुरंत बाद एक अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने बोकारो जिले के चंदनक्यारी प्रखंड के फतेहपुर गांव निवासी शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो के परिवार को सम्मानित करते हुए 10 लाख रुपए का मुआवजा चेक सौंपा। इसके साथ ही शहीद के भाई बलराम महतो को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन, विधायक उमाकांत रजक और शहीद की बहन लक्ष्मी कुमारी भी उपस्थित थीं।
शहीदों के परिवार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर कहा, “हमारी सरकार शहीदों के परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है। राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहीद अर्जुन महतो के परिवार को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही यह निर्णय लिया है कि शहीद अग्निवीरों के परिवारों को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि और एक आश्रित को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
शहीद अर्जुन महतो की बहादुरी
ज्ञात हो कि शहीद अर्जुन महतो असम के सिलचर में तैनात थे। 21 नवंबर की रात उग्रवादियों के साथ मुठभेड़ में वे शहीद हो गए। मुख्यमंत्री ने शहीद अर्जुन महतो की बहादुरी को नमन करते हुए उनके परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

