
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से एक गांव से नाबालिग आदिवासी युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले गया। घटना के बाद से गांव में चर्चा तेज है और परिजन लगातार युवती की तलाश कर रहे हैं।
परिजन कर रहे तलाश
पीड़ित परिवार के अनुसार युवती रविवार से घर से गायब है। परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और संभावित सभी जगहों पर खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चला है। युवती के नहीं मिलने से घर में मायूसी और चिंता का माहौल है। परिवार के लोग गांव के आसपास और परिचितों के यहां लगातार संपर्क कर रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक भी इसी गांव का रहने वाला है और उसने पहले से ही युवती से नजदीकी बढ़ा रखी थी। शादी करने का वादा कर वह उसे बहला-फुसलाकर ले गया।
थाने में शिकायत दर्ज
परिवार ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत गुवा थाना में दर्ज कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच शुरू कर दी है। युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में तनाव, निष्पक्ष जांच की मांग
इस घटना के बाद गांव में हल्का तनाव देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए। साथ ही यदि आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


