Home » Ranchi News: CPGRAMS पर सख्ती : नगर निकायों को एक सप्ताह में लंबित शिकायतें निपटाने का अल्टीमेटम

Ranchi News: CPGRAMS पर सख्ती : नगर निकायों को एक सप्ताह में लंबित शिकायतें निपटाने का अल्टीमेटम

by Nikhil Kumar
CPGRAMS Pending Complaints Jharkhand
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : नगर विकास एवं आवास विभाग ने सीपीग्राम्स पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर राज्य के सभी नगर निकायों पर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग के संयुक्त सचिव-सह-नोडल पदाधिकारी विष्णु कांत राय ने सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों को पत्र जारी कर एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने साफ कहा है कि शिकायतों के निपटारे में हो रही देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पत्र में कहा गया है कि केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं अनुश्रवण प्रणाली (सीपीग्राम्स) के तहत पीजी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समय सीमा के भीतर निष्पादन नहीं हो रहा है। कई शिकायतें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं, जिसे विभाग ने गंभीर और खेदजनक स्थिति बताया है। खास बात यह है कि इस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की मॉनिटरिंग सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) स्तर से की जाती है।

शिकायत निपटारे में लापरवाही पर विभाग नाराज

विभाग ने पत्र में स्पष्ट किया है कि लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआर) अपलोड करने को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अलावा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के सचिव स्तर से भी बार-बार समीक्षा की जा रही है। इसके बावजूद कई नगर निकाय शिकायतों के निष्पादन में गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं।

विभाग ने माना है कि कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठकों में नगर विकास विभाग को लगातार असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बैठकों में लंबित मामलों की संख्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी के बाद अब विभाग ने सभी निकायों को स्वयं समीक्षा कर सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया है।

एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट

यह निर्देश रांची नगर निगम, धनबाद नगर निगम, देवघर नगर निगम, चास नगर निगम, मेदिनीनगर नगर निगम, हजारीबाग नगर निगम, झामाडा, रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार सहित राज्य के सभी नगर निकायों को भेजा गया है। विभाग ने कहा है कि लंबित शिकायतों का निष्पादन कर उसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराई जाए।

कई निकायों में महीनों से लंबित शिकायतें

हाल के आंकड़ों में कई नगर निकायों की स्थिति खराब पाई गई है। धनबाद नगर निगम में एक शिकायत 70 दिनों से लंबित मिली। मेदिनीनगर नगर निगम में 68 दिन, बरहरवा नगर पंचायत में 66 दिन और हुसैनाबाद नगर पंचायत में 63 दिन पुराने मामले पेंडिंग पाए गए। रांची नगर निगम में भी 41 और 28 दिन पुराने मामलों की लंबित सूची सामने आई थी।

सबसे ज्यादा किन शिकायतों की भरमार

सीपीग्राम्स पोर्टल पर सबसे अधिक शिकायतें सफाई व्यवस्था, भवन नक्शा स्वीकृति, पेयजल, सड़क, नाली, जलजमाव, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग टैक्स, अतिक्रमण और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़ी दर्ज हो रही हैं।

Read Also: Jharkhand Politics: राहुल गांधी से मिले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस में अंदरूनी उथल-पुथल पर चर्चा तेज

Related Articles

Leave a Comment