Jamshedpur : शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी दूसरी शादी कर ली। अब मामला थाने तक पहुंच गया है। पीड़ित महिला हेमलता वर्मा ने अपने पति कुणाल वर्मा, सास रंजीत वर्मा समेत ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ सोनारी थाने में शिकायत की है।
हेमलता वर्मा का कहना है कि साल 2024 में कुणाल वर्मा के घर के लोग उनके यहां आए और बताया कि कुणाल वर्मा नोवामुंडी माइंस में सुपरवाइजर है। विवाह का प्रस्ताव रखा। 2 दिसंबर साल 2024 को सोनारी में ही दोनों का विवाह हो गया। हेमलता वर्मा ने बताया कि उनके घर वालों ने ₹2 लाख नकद और लगभग ₹3 लाख के जेवरात और अन्य सामान दहेज में दिए। शादी के कुछ दिनों बाद ही कुणाल वर्मा ने हेमलता वर्मा पर मायके से ₹5 लाख लाने का दबाव बनाया । नहीं लाने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
कुछ दिन पहले हुआ था सामाजिक समझौता
बाद में सामाजिक समझौता हुआ और हेमलता वर्मा अपने घर से ₹1 लाख लेकर कुणाल वर्मा के घर गई। लेकिन, फिर उन्हें पैसे के लिए मारा पीटा जाने लगा। हेमलता वर्मा का आरोप है कि कुणाल वर्मा पहले से विवाहित है। उसकी पहली पत्नी अंजनी सिंह और एक बच्चा भी है। अब कुणाल वर्मा कह रहा है कि अंजनी सिंह के साथ ही हेमलता को रहना होगा। इसी को लेकर मारपीट की जा रही है। हेमलता वर्मा का आरोप है कि 19 अप्रैल को ससुराल वाले उसके घर आए और उसके साथ यहां भी मारपीट की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

