
Jamshedpur : टेल्को स्थित टीआरएफ नगर के वैली व्यू स्कूल में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए पहली बार कैरियर मेला आयोजित किया गया। मेले का आयोजन कैरियर माइल स्टोन के सौजन्य से किया गया। इसमें देश की टॉप 20 यूनिवर्सिटी के साथ विदेश की दो यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
मेले का उद्घाटन स्कूल की प्रिंसिपल मिक्की सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कैरियर को लेकर मन में किसी भी तरह की दुविधा हो तो इस मंच का उपयोग कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान करें और विशेषज्ञों से खुलकर बातचीत करें। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के संचालनकर्ता एवं स्कूल के वाइस प्रिंसिपल डॉ. जे.के. पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी पूरे वर्ष पाठ्यक्रम और परीक्षा की तैयारियों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में उनकी कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं और सवालों के समाधान के लिए स्कूल में इस तरह का मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्कूल में पहली बार आयोजित कैरियर मेले को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों से उच्च शिक्षा, पाठ्यक्रम, कैरियर विकल्प और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की उत्सुकता और सवालों से यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि भी काफी प्रभावित हुए।
इस अवसर पर कैरियर माइल स्टोन के को-फाउंडर प्रमोद कुमार सिंह ने प्रिंसिपल मिक्की सिंह और वाइस प्रिंसिपल डॉ. जेके. पाण्डेय को सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक विनोद, अमित, चंदन और तमांग का सराहनीय योगदान रहा।


