Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद झारखंड में कांग्रेस की अंदरूनी उथल-पुथल पर चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस के अंदर ही कई वरिष्ठ नेता इरफान अंसारी के आलोचक रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि इन लोगों ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को डॉक्टर इरफान अंसारी को लेकर कुछ ऐसा फीडबैक दिया था, जिससे स्वास्थ्य मंत्री की छवि पर असर पड़ रहा था। इसी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी दिल्ली पहुंचे और अपनी सफाई पेश की। कहा जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व झारखंड में अपने मंत्री के कामों के लेखे जोखे पर नजर रखे हुए है। जिन मंत्रियों का कामकाज अच्छा नहीं पाया जाएगा उन्हें बदलने की भी चर्चा चल रही है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डॉक्टर इरफान अंसारी ने बताया कि मीटिंग में राज्य के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर राहुल गांधी से विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी से बातचीत ने उन्हें जनता के लिए और मजबूती से काम करने का उत्साह दिया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने उन्हें लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाने की सलाह दी। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक असमानता और गरीब तबकों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इन मुद्दों पर और प्रभावी तरीके से संघर्ष करने की जरूरत है, ताकि आम लोगों की आवाज राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सके। बैठक में झारखंड सरकार की विकास योजनाओं पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी राहुल गांधी को दी। साथ ही राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. अंसारी ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को रिम्स-2 निर्माण योजना, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा व्यवस्था के आधुनिकीकरण से जुड़ी जानकारी साझा की। इन योजनाओं को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट भी उन्हें सौंपी गई। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, राहुल गांधी ने झारखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि राज्य सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की ये पहल भविष्य में राज्य के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने देश के सामने आने वाली सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने विशेष रूप से अल्पसंख्यक, पिछड़े और कमजोर वर्गों के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने और समाज के हर वर्ग की आवाज बनने पर जोर दिया। बैठक के अंत में राहुल गांधी ने डॉ. इरफान अंसारी को जनता के बीच सक्रिय रहने, निडर होकर अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने की सलाह दी।

