गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज के कुचायकोट थानाक्षेत्र में अपराधियों ने एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सासामुसा रेलवे स्टेशन के पास एक युवती के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की इस घटना को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे इस घटना को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच कराया और बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
लकवाग्रस्त पिता का इलाज कराने कुचायकोट आई थी युवती
दरअसल, घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि यूपी की रहने वाली युवती अपने लकवाग्रस्त पिता का इलाज कराने के लिए कुचायकोट थाना क्षेत्र के श्यामपुर आई थी। ट्रेन से वापस घर जाने के लिए वह सासामुसा रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन का इंतजार कर रही थी। जानकारी के अनुसार वह पानी भरने के लिए पास ही के एक चापाकल पर गई थी। तभी तीन युवकों ने उसे अकेला पाकर पकड़ लिया। तीनों उसे मुंह दबाकर उठा ले गए और सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
दुष्कर्म की इस अप्रिय घटना के बाद पीड़िता अपने दिव्यांग लकवाग्रस्त पिता के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। कुछ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची। पीड़िता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार युवक से पुलिस कर रही पूछताछ
कुचायकोट थाना की पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक से पुलिस पूछताछ की जा रही रही है जबकि बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जल्द ही गिरफ्तार होगें आरोपी
सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि “एक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सूचना मिली है। पीड़िता का बयान दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read Also- Bihar News : इस मामले में पूरे देश में अव्वल बना बिहार, राजधानी दिल्ली को भी पीछे छोड़ा

