धनबाद । जिले में गुरुवार को मानवता को शमर्सार करने वाली घटना सामने आई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के एक गांव में 30 वर्षीय मूक- बधिर महिला को कई युवकों ने अपने हवश का शिकार बनाया। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों में से पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता के पिता ने थाना में आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सुबह उनकी बेटी नहाने के लिए तालाब गई थी। इसी दौरान कीर्तन तुरी नामक व्यक्ति उसे जबरन झाड़ियों में ले गया और दुष्कर्म किया।
ग्रामीणों ने एक को पकड़कर किया पुलिस के हवाले, अन्य आरोपी फरार
इस घटना में 24 वर्षीय आशीष मोदी तथा यादवपुर निवासी 24 वर्षीय संतोष कर्मकार भी शामिल थे। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देख आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने कीर्तन तुरी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। गिरफ्तार आरोपी कीर्तन तुरी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पीड़िता के पिता ने सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

