Dhanbad : बीआइटी सिंदरी के असैनिक अभियंत्रण विभाग (बैच 1986–1990) के पूर्व छात्र एवं 1996 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार नंद को कोलकाता का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए अजय नंद की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से संस्थान में हर्ष का वातावरण है।
अजय कुमार नंद ने बीआइटी सिंदरी से असैनिक अभियंत्रण की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रशासनिक कौशल, सशक्त नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच एवं प्रभावी कार्यशैली के कारण निरंतर उच्च पदों पर आसीन होते रहे हैं। अब कोलकाता जैसे महानगर के पुलिस कमिश्नर के रूप में उनकी नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का प्रमाण है, बल्कि संस्थान की गौरवशाली परंपरा को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। इस उपलब्धि पर संस्थान के असैनिक अभियंत्रण विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं वरीय प्रशासी पदाधिकारी डा ब्रह्मदेव यादव ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
सहपाठी ने बताया बेहद कर्मठ हैं अजय आनंद
ब्रह्मदेव अजय कुमार नंद के सहपाठी एवं घनिष्ठ मित्र भी रहे हैं। उन्होंने बताया कि कालेज के शुरुआती दिनों से ही वे अत्यंत मेधावी, अनुशासित एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र थे। अपने बैच के द्वितीय टापर रहे और प्रारंभ से ही पुलिस सेवा के प्रति उनमें गहरी रुचि एवं जुनून देखने को मिलता था। डा यादव ने उनके व्यक्तित्व को प्रेरणादायक, कर्मठ और दृढ़निश्चयी बताते हुए कहा कि उनकी यह सफलता वर्षों की कठिन साधना और समर्पण का परिणाम है। वर्तमान विद्यार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
समस्तीपुर के रहने वाले हैं अजय
संस्थान के निदेशक प्रो. डा पंकज राय ने भी अजय कुमार नंद को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीआइटी सिंदरी हमेशा से प्रतिभाओं को निखारने का केंद्र रहा है। अजय कुमार नंद की यह सफलता इस परंपरा को और सुदृढ़ करती है। इस अवसर पर असैनिक अभियंत्रण विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार शर्मा, प्रोडक्शन एवं इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष एवं डीन (एलुमनी) डा प्रकाश कुमार, जनरल वार्डन प्रो मनोज कुमार ,करियर विकास केंद्र के अध्यक्ष डा घनश्याम, प्रो आरके वर्मा डीन (अकादमिक) डा डीके तांती सहित संस्थान के अन्य सभी प्राध्यापकों ने भी अजय कुमार नंद को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। यहां बता दें कि अजय कुमार नंद बिहार के समस्तीपुर जिले के पटोरी प्रखंड के धमौन गांव के निवासी हैं।
Read also Jamshedpur Crime : आजाद नगर में नशे का पैसा नहीं मिलने पर फांसी लगाकर युवक ने कर ली आत्महत्या

