धनबाद : शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मरीजों को अब एमआरआई और सीटी स्कैन की सेवा मिल पाएगी। मुख्यालय रांची के स्तर से मशीनों के खरीद की प्रक्रिया चल रही है। इसी महीने मशीन मेडिकल कॉलेज को मिल जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन में इसके लिए भवन भी चिन्हित कर लिया है। मशीन आने के बाद यहां मरीजों को जल्द सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। अभी एमआरआई और सीटी स्कैन जांच के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़ रहा है। एमआरआई के लिए जहां 7 हजार से 10000 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, सीटी स्कैन के लिए 1500 से ढाई हजार रुपए खर्च करने किए जा रहे हैं। ऐसे में मरीजों को यहां सहूलियत हो जाएगी।
सीटी स्कैन घोटाले के 22 वर्षों के बाद फिर से शुरू होगी सेवा
वर्ष 2004 में मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन घोटाले के बाद प्रबंधन की किरकिरी हुई थी। अभी तक एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम मामले की जांच कर रही है। 1.63 करोड रुपए की सीटी स्कैन लगने के मात्र 2 महीने बाद ही खराब हो गए थे। कई अधिकारियों के खिलाफ इस पर कार्रवाई चल रही है। लेकिन धनबाद के लोगों के लिए दुर्भाग्य रहा कि इसके बाद सरकार और विभाग की ओर से कोई भी बड़ी मशीन मेडिकल कॉलेज को नहीं मिल पाई थी। अब लगभग 22 वर्ष के बाद एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन मिल रही है।
अभी पीपीपी मोड पर निर्भरता
मेडिकल कॉलेज में अभी पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन की सेवा मिलती है। लेकिन यहां आए दिन मशीन के खराब होने, सेवा बंद करने का सामना मरीजों को करना पड़ रहा है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज का अपना रेडियोलॉजी विभाग विकसित होने से दूर दराज से आने वाले मरीजों को भी काफी राहत मिलेगी।
मुख्यालय के स्तर से मशीन जल्द मिलेंगे। यहां आने वाले गरीब मरीजों को इससे काफी सुविधा मिल पाएगी। रेडियोलोजी विभाग भी विकसित किया जा रहा है।
डॉ डीके गिंदौरिया, अधीक्षक, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल।
Read Also- Garhwa Scorpio Accident : गढ़वा में डिवाइडर से टकराई स्कार्पियो, एक महिला की हुई मौत

