Home » Dhanbad Police LOC : दुबई में बैठे गोपी और ऋतिक की भारत वापसी पर नजर, धनबाद पुलिस ने जारी कराया लुकआउट सर्कुलर

Dhanbad Police LOC : दुबई में बैठे गोपी और ऋतिक की भारत वापसी पर नजर, धनबाद पुलिस ने जारी कराया लुकआउट सर्कुलर

by Rakesh Pandey
dhanbad Crime news today
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर के फरार अपराधियों के खिलाफ धनबाद पुलिस ने कार्रवाई का दायरा और बढ़ा दिया है। विदेश में रह रहे प्रिंस खान के भाई गोपी खान और उसके साले ऋतिक खान के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करा दिया गया है। दोनों के लंबे समय से दुबई में होने की जानकारी है। लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद भारत लौटने की स्थिति में किसी भी हवाई अड्डे पर आव्रजन जांच के दौरान दोनों की पहचान की जा सकेगी और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

धनबाद पुलिस के अनुसार, गोपी खान और ऋतिक खान विदेश में रहने के बावजूद धनबाद सहित कई जिलों में हुई धमकी, रंगदारी और गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े मामलों में आरोपी हैं। पुलिस दोनों की कथित भूमिका और विदेश से संचालित हो रहे आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।

नन्हें हत्याकांड के बाद प्रिंस खान के साथ दुबई चले गए थे दोनों

पुलिस की जांच में सामने आया है कि नया बाजार निवासी नन्हें हत्याकांड के बाद गोपी खान और ऋतिक खान भी प्रिंस खान के साथ धनबाद छोड़कर दुबई चले गए थे। इसके बाद दोनों के नाम विभिन्न आपराधिक मामलों में सामने आते रहे।

पुलिस का आरोप है कि विदेश में रहकर दोनों कथित रूप से लोगों को धमकी देने, रंगदारी मांगने और व्यवसायियों पर गोलीबारी कराने जैसी घटनाओं में भूमिका निभाते रहे हैं। अब धनबाद पुलिस इन मामलों में दोनों की संलिप्तता से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।

गोपी पर 40 और ऋतिक के खिलाफ 25 से ज्यादा मामले

धनबाद पुलिस के मुताबिक, गोपी खान के खिलाफ 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, ऋतिक खान के खिलाफ भी 25 से ज्यादा मामले दर्ज होने की जानकारी है। दोनों लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

पुलिस का मानना है कि लुकआउट सर्कुलर जारी होने से दोनों की गतिविधियों पर नजर रखने और भारत लौटने की स्थिति में उन्हें पकड़ने में मदद मिलेगी। देश के हवाई अड्डों पर आव्रजन जांच के दौरान दोनों के नाम और अन्य विवरणों के आधार पर उनकी पहचान की जा सकेगी।

प्रिंस खान के बाद अब गोपी और ऋतिक पर अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की तैयारी

वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। अब धनबाद पुलिस उसके भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ भी इसी तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो कार्यालय में आवेदन दिया है। इसके माध्यम से दोनों के खिलाफ कार्रवाई का दायरा देश के बाहर भी बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया आगे की कार्रवाई का प्लान

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले से रेड कॉर्नर नोटिस जारी है। अब उसके भाई गोपी खान और ऋतिक खान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस विभिन्न आपराधिक मामलों में उनकी कथित भूमिका की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read ALso- Ranchi Road Accident : रामपुर में ट्रक और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, महिला समेत दो लोगों की मौत

Related Articles

Leave a Comment