
Dhanbad (Jharkhand) : झारखंड के धनबाद जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्कूल के प्रधानाचार्य पर छात्राओं के साथ अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगा है। गुरुवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बरवा पूर्व स्थित पीएम श्री महेंद्र +2 उच्च विद्यालय की छात्राओं ने प्रधानाचार्य राजेश शर्मा के खिलाफ जमकर हंगामा किया। छात्राएं प्रधानाचार्य को तुरंत निलंबित करने की मांग कर रही थीं।
छात्राओं ने लगाया यह आरोप
छात्राओं ने बताया कि स्कूल में परीक्षा चल रही है, लेकिन पर्याप्त बेंच-टेबल नहीं हैं। जब उन्होंने प्रधानाचार्य से बैठने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कथित तौर पर अश्लील टिप्पणी करते हुए उन्हें अपनी गोद में बैठाने की बात कही।
पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
प्रधानाचार्य की इस टिप्पणी से आक्रोशित छात्राएं और उनके परिजन स्कूल के मुख्य गेट पर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं व उनके परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच के बाद प्रधानाचार्य के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस मामले पर धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।

