जमशेदपुर : जमशेदपुर से डोबो होते हुए कान्दरबेड़ा की ओर जा रही एक ट्रेलर में शनिवार को अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेलर पर भारी भरकम मेटल शीट लदी हुई थी और वाहन चलती हालत में था, जब अचानक धुआं उठने लगा और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
हालांकि समय रहते चालक और खलासी ने वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई, लेकिन सड़क चौड़ी होने के कारण यातायात धीरे-धीरे फिर सामान्य हो सका।
यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है, जहां दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में एक चलती ट्रेलर का इस तरह आग की चपेट में आना गंभीर चिंता का विषय है। खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर दमकल विभाग की गाड़ी नहीं पहुंची थी और ट्रेलर लगातार धू-धू कर जल रहा था। स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर दहशत का माहौल है।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से जांच के आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है।

