Home » Jamshedpur Education : जमशेदपुर में आवासीय व मुख्यमंत्री उत्कृष्ठ विद्यालयों में भरे जाएंगे रिक्त पद, जल्द जारी होने वाला है विज्ञापन

Jamshedpur Education : जमशेदपुर में आवासीय व मुख्यमंत्री उत्कृष्ठ विद्यालयों में भरे जाएंगे रिक्त पद, जल्द जारी होने वाला है विज्ञापन

शिक्षा में सुधार को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर दिए कई निर्देश

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को समीक्षात्मक बैठक का आयोजन डीसी ऑफिस सभागार में किया गया। इस बैठक में शिक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने आवासीय विद्यालय एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त सीटों के विरुद्ध शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी कर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। ट्रैकिंग पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने हर बच्चे का पारगमन रिकॉर्ड रखने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी छात्र शैक्षणिक प्रणाली से बाहर न रह जाए। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कुछ शहरी विद्यालयों के खराब प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित स्कूलों में शिक्षकों और शैक्षणिक गुणवत्ता की पुनर्समीक्षा कर ठोस कदम उठाने को कहा गया। साथ ही कंपार्टमेंट परीक्षा की विशेष तैयारी कराने का भी निर्देश दिया गया।

ई-विद्या वाहिनी ऐप में शिक्षकों की उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय समय में किसी भी शिक्षक या वार्डन को गैर-शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगाया जाएगा।

नीट, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को प्रेरित करने एवं मदद देने के लिए विशेष रणनीति अपनाने का निर्देश दिया गया, ताकि छात्रों की सफलता सुनिश्चित हो सके। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और मेन्यू के अनुसार भोजन, फल और अंडा मिलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, किचन, स्टोर रूम की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। रसोइयों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल भी की जाएगी।

छात्रों के स्वास्थ्य जांच को हर माह अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, जिसमें आंख, कान, पोषण, ऊंचाई और वजन की निगरानी शामिल है। विद्यालय भवनों की स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने निर्माणाधीन, जर्जर, भवनहीन या अनुपयोगी भवनों की अद्यतन जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। इसके साथ ही लैब्स, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, ओपन जिम, बेंच-डेस्क, बिजली और शौचालय** की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई। शिक्षकों की नवाचार में रुचि को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष परिवर्तन दल का गठन किया जाएगा, जो अन्य विद्यालयों में जाकर शिक्षा को रोचक, व्यावहारिक और प्रभावशाली बनाने का कार्य करेगा।

सरकार द्वारा छात्रों को प्रदान की जाने वाली पुस्तकें, स्टेशनरी, पोशाक, जूते, बैग आदि के समय पर वितरण की निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रवृत्ति के लिए छात्रों के बैंक अकाउंट और आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने को कहा गया ताकि कोई भी छात्र योजना से वंचित न रहे। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, बीईईओ समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read also Jamshedpur Mango Festival : इंटरनेशनल मार्केट में बिकेगा जमशेदपुर का आम, मैंगो फेस्ट में आंकी गई क्वालिटी

Related Articles