जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया पंचायत मंडप के समीप मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस हृदयविदारक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दोनों पैर की हड्डियां टूट गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कांकीडीह-दांदूडीह मुख्य सड़क को जाम कर दिया।
मृतक की पहचान संदीप सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कांकू गांव का रहने वाला था और जमशेदपुर में मजदूरी करता था। उसके साथ बाइक पर उसका रिश्तेदार सवार था, जो पश्चिम बंगाल के हेंसला गांव का निवासी है। जानकारी के अनुसार, संदीप जमशेदपुर से काटिन चौक तक बस से आया था, जहां से उसका रिश्तेदार उसे बाइक से लेने आया। दोनों पश्चिम बंगाल स्थित घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा, जो किसी क्रशर प्लांट में गिट्टी लेने आ रहा था, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि संदीप का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर छोड़ प्रदर्शन शुरू कर दिया। संदीप तीन भाइयों में मंझला था और अपनी पत्नी और 3 वर्षीय बेटे के साथ मामा के घर हेंसला में रहता था।

