रांची : राजधानी रांची के कांटाटोली क्षेत्र में रविवार तड़के भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस घटना में घायल एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। जिसकी पहचान ऐनुल आलम के रूप में हुई है। वह दुकान में फंस गए थे। जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था। बता दें कि आग की यह घटना कांटाटोली स्थित आलम गारमेंट्स एंड फुटवेयर नामक दुकान में हुई, जहां अचानक आग की लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी विकराल थीं कि उनका प्रयास सफल नहीं हो सका।
पांच गाड़ियां दमकल की जुटी आग बुझाने में
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गई। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पूरा इलाका धुएं से भर गया है। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। वहीं, दुकानदारों को भारी नुकसान होने की आशंका है, जिसका आंकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद किया जाएगा।

