रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में एक बार फिर से सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

झारखंड की पवित्र भूमि पर लौटने की भावना व्यक्त की
भाजपा में फिर से शामिल होने के बाद रघुवर दास ने कहा, “झारखंड की भूमि, जो भगवान बिरसा मुंडा और वीरों की पावन भूमि है, पर लौटकर मुझे मां के आंचल में वापस आने जैसा महसूस हो रहा है।” उन्होंने अपने संगठन की सदस्यता को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का हिस्सा बनकर राष्ट्रीय राजनीति में योगदान दे सकूंगा।
गठबंधन सरकार पर दबाव बनाने का संकल्प
रघुवर दास ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी ने विजय प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम किया, लेकिन परिणाम हमारे अनुकूल नहीं रहे। हालांकि, उन्होंने जनता के फैसले का सम्मान किया और कहा कि झारखंड की जनता ने गठबंधन सरकार को बहुमत दिया है, लेकिन भाजपा अपने वादों के लिए सरकार को मजबूर करेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाएं।
रघुवर दास का आभार
रघुवर दास ने भाजपा में दोबारा शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की।
स्व. कैलाशपति मिश्र और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने से पहले रघुवर दास ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

