रांची: Gangster Aman Sahu: कारोबारियों से रंगदारी वसूलने और धमकी देने के मामले तो आते ही रहते हैं। अब जेल अधीक्षक और जेलर को भी अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। दरअसल, झारखंड में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। ये अधिकारियों को धमकी देने से भी नहीं चूक रहे हैं। इस तरह की हरकत को दहशत फैलाने के लिए अंजाम दे रहे हैं ताकि कारोबारियों में डर फैले और उनका काम आसान हो जाए।
Gangster Aman Sahu : मयंक सिंह के नाम पर दी गई धमकी
गैंगस्टर अमन साहू गिरिडीह केंद्रीय कारा में शिफ्ट किया जा चुका है। यहां शिफ्ट किए जाने के बाद अमन साहू ने फिर दहशत का कारोबार शुरू करने की कोशिश की है। अमन साहू गैंग के मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा के नाम पर फोन करनेवाले ने केंद्रीय कारा की अधीक्षक हिमानी प्रिया और जेलर सुबोध पांडेय को धमकी दी है।
Gangster Aman Sahu : फोन करनेवाले ने कहा- पिछले जेलर की तरह होगा अंजाम
इन दोनों अधिकारियों को फोन करनेवाले ने धमकी देते हुए कहा है कि अगर ये लोग नहीं समझे तो वही व्यवहार होगा, जो पिछले कारा अधीक्षक के साथ हुअस था। बता दें कि पिछली बार जब अमन साहू गिरिडीह जेल में बंद था, तब उसने अपने गुर्गों से तत्कालीन प्रभारी जेल अधीक्षक अनिमेष चौधरी के वाहन पर गोली चलवाई थी।
Gangster Aman Sahu : राजस्थान का रहनेवाला है मयंक सिंह
अमन साहू गिरोह की ओर से फोन व इंटरनेट मीडिया पर दी जानेवाली सूचनाओं में अक्सर मयंक सिंह का नाम सामने आता रहा है। पुलिस भी इस नाम के अपराधी की तलाश में रही है। बताया जाता है कि मयंक सिंह राजस्थान का रहने वाला है और फिलहाल फरार चल रहा है। बताया तो यह भी जा रहा है कि फिलहाल वह देश से बाहर है।
Gangster Aman Sahu : अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से कई बार कर चुका है फोन
जानकारी के अनुसार मयंक सिंह ही अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बीच की कड़ी है। गिरिडीह सेंट्रल जेल अधीक्षक को उसने अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से कई बार फोन किया। मामले की सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक और कारा महानिरीक्षक को दी गई है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

