
Garhwa : जिले के कांडी थाना क्षेत्र के सेमौरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रविशंकर कुमार सोनी के रूप में हुई है। वह अपने अर्द्धनिर्मित मकान की छत ढलाई का कार्य करा रहे थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि रविशंकर की हाल ही में शादी हुई थी। गौरतलब है कि इस सेमौरा निवासी अशोक सोनी के पुत्र रविशंकर कुमार सोनी के घर की छत ढलाई का काम चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे वाइब्रेटर मशीन में बिजली का तार जोड़ने के दौरान वह अचानक नंगे विद्युत तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल रविशंकर को इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
हादसे की सूचना मिलते ही मझिआंव थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवा बेटे की असमय मौत से पिता अशोक सोनी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read Also: Garhwa Crime: गढ़वा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने जंगल से बरामद किया शव

