
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस की जांच में जो कहानी सामने आई है,वह बेहद चौंकाने वाली है। दरअसल, जिस लड़की से मृतक नीरज की शादी तय हुई थी, उस लड़की का अपने ही जीजा सुभास पासवान के साथ पिछले ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पूछताछ में खुद लड़की ने कबूल किया है कि उसका अपने जीजा के साथ चक्कर था। जीजा सुभाष नहीं चाहता था कि उसकी साली किसी और से शादी करे। उसने साली से साफ कह दिया था कि वह शादी न करे,वह उसे अपने साथ रखेगा। लेकिन तब भी साली की शादी नीरज से तय हो गई। अब सुभाष ने रास्ते का कांटा हटाने के लिए नीरज की हत्या की खौफनाक साजिश रची। आरोपी ने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
बिहार के जमुई में मिली थी लाश
नीरज के अचानक लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस बीच पड़ोसी राज्य बिहार के जमुई जिले से नीरज का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद गिरिडीह एसपी डॉ.बिमल कुमार ने तुरंत एक स्पेशल टीम बनाई। टीम ने आरोपी सुभाष को दबोच लिया।
हथियार और सामान बरामद
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी सुभाष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार, एक स्कूटी,एक मोबाइल और शराब की बोतल बरामद की है। पुलिस इस मामले को स्पीड ट्रायल में ले जाएगी ताकि कातिल को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
लापरवाह थानेदार पर गिरेगी गाज
इस पूरे मामले में जमुआ के थाना प्रभारी विभूति देव की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। शुरुआती जांच में लापरवाही की बात सच साबित होती दिख रही है। एसपी के निर्देश पर उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है,जिसकी रिपोर्ट जल्द ही मिल जाएगी।

