
Ranchi : राजधानी रांची के अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपी करीब 80 लाख रुपये कीमत की जगुआर कार से 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर दर्ज था। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी जगन्नाथपुर स्थित होटल पार्क रिट्रीट में ठहरे थे। होटल में कमरा लेने के लिए उन्होंने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर तैयार किए गए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। होटल के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि दोनों कई बार होटल से बाहर निकले, जिससे पुलिस को आशंका है कि उन्होंने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी।
रेकी के बाद दोनों आरोपी देर रात अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित त्रिवेणी बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर पहुंचे। एक आरोपी घर के अंदर घुसकर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। इसके बाद दोनों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक द्वारा फायरिंग किए जाने पर वे मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद आरोपी दोबारा होटल पार्क रिट्रीट लौटे और रात वहीं बिताई। गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे वे होटल से निकलकर फरार हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि होटल में जमा कराया गया आधार कार्ड पूरी तरह फर्जी था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों का एक तीसरा साथी दूसरी कार में होटल के बाहर मौजूद था, जो पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम का नेतृत्व कोतवाली एएसपी निखिल राय को सौंपा गया है। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को शामिल किया गया है।
इस मामले में अरगोड़ा थाना में आशुतोष पांडेय की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के मुताबिक चोर 8 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये मूल्य के सोने, हीरे, रुबी और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण, हीरे का सेट, गोल्ड-रुबी सेट, चांदी के उपहार, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकद राशि शामिल है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी अखिलेश पांडेय पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसे थे। जब वे घर में नहीं मिले तो आरोपियों ने अलमारी और वार्डरोब तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच तेज कर चुकी है।
Read also Ranchi News: रंगदारी के लिए बस चालक पर फायरिंग मामले में तीन आरोपितों की जमानत याचिका खारिज

