Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में गुरुवार को घरेलू झगड़े में एक व्यक्ति ने अपने ही भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय ऋषि तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच पहले बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चाचा ने भतीजे को चाकू मार दिया।
घायल को टीएमएच में कराया भर्ती
हमले में घायल ऋषि तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टीएमएच पहुंचाया गया। यहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोट आई हैं और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घरेलू विवाद में हुई थी घटना
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी चाचा की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली घरेलू विवाद के कारण हुई इस चाकूबाजी की घटना से इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है।

