चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में सेल प्रबंधन द्वारा स्थानीय लोगों को विस्थापित किये जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को सांसद जोबा माझी गुवा पहुंची। सांसद के साथ झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, प्रवक्ता बुधराम लागुरी समेत जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, मुखिया चांदमनी लागुरी भी उपस्थित रहे। यहां पहुंचने पर विस्थापित परिवार और झामुमो समर्थकों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया। गुवा में विस्थापन और सेल प्रबंधन की ज्यादती पर विस्थापितों ने बारी-बारी से अपनी व्यथा सुनाई। विस्थापितों ने कहा उनके पूर्वजों ने अपने खून पसीने से सेल को सींचा है। लेकिन आज हमें नई परियोजना के नाम पर घर से बेदखल किया जा रहा है।
विस्थापितों ने घर के बदले घर की रखी मांग
विस्थापितों ने घर के बदले घर, सर्वे में छूटे हुए परिवारों को शामिल करने समेत कई मांगो को रखा। विस्थापितों ने कहा, सेल की किसी भी परियोजना का वह विरोध नहीं करते हैं, लेकिन उन्हें उजाड़ने की कोशिश होगी तो जोरदार विरोध करेंगे। विस्थापितों की मांगों का समर्थन करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा सेल प्रबंधन यहां के स्थानीय लोगों पर जुल्म करना बंद करें। अगर लाठी के बल पर कोई भी अन्यायपूर्ण कार्य करने की कोशिश करती है तो इतना जोरदार आंदोलन होगा कि लाठियां कम पड़ जाएंगी।
गुवा के विस्थापितों को अपना परिवार बताते हुए सांसद ने कहा – आपको किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी, अगर लाठी चलेगी तो सबसे आगे की पंक्ति में मैं खड़ी रहूंगी।
सांसद ने कहा, सेल प्रबंधन जनता की ताकत को नहीं जानती। भारत देश और झारखंड अलग राज्य भी लंबी लड़ाई और कुर्बानी के बाद प्राप्त हुआ था। यहां के एक भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो गुवा के विस्थापितों के मामले को संसद में रखने का काम करेंगे और सेल के खनिज परिवहन कार्य को बाधित करेंगे।
जल्द ही त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन होगा
उन्होंने बताया कि जल्द ही मामले को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता का आयोजन होगा, जिसमें हम मांगो को प्रमुखता से रखेंगे। बैठक को जिप अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, देवकी कुमारी ने भी संबोधित किया। बैठक में बामिया माझी, मानकी लागुरा देवगम, मोहम्मद तबारक, अभिषेक सिंकु समेत बड़ी संख्या में विस्थापित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Read Also: Chaibasa News : गुवा में एक दर्जन लोगों ने थामा झामुमो का दामन; सांसद जोबा मांझी ने किया स्वागत

