Gumla : जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटू केमते गांव में एक किराए के कमरे से 18 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव पंखे के हुक से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान स्वर्गीय रंजीत सिंह की पुत्री आयशा कुमारी के रूप में हुई है। वह पतराटोली स्थित एक किराए के मकान में अपनी दो सहेलियों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। आयशा पीएम श्री टेन प्लस टू उच्च विद्यालय की 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह आयशा की दोनों सहेलियां स्कूल जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान आयशा ने उन्हें बताया कि वह उस दिन स्कूल नहीं जाएगी और गुमला पार्क जाने की बात कही। इसके बाद वह कमरे में अकेली रह गई।
शाम को जब सहेलियां स्कूल से लौटकर कमरे पहुंचीं, तो उन्होंने आयशा को रस्सी के फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की सूचना तत्काल आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर रायडीह थाना के एसआई गनौरी प्रसाद मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेजा गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के परिजन जयकरण सिंह ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Also Read: शराब घोटाला : विनय चौबे की मुश्किलें और बढ़ीं, फैज अक अहमद ने भी किये चौंकानेवाले खुलासे

