नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर में शनिवार रात आई आंधी-बारिश ने जनजीवन पर भारी असर डाल दिया। इसका एक दर्दनाक नजारा दक्षिण दिल्ली स्थित आरके पुरम सेक्टर-1 में देखने को मिला, जहां गिरने वाली डालें और बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि तड़के 04:29 बजे एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें सूचित किया गया था कि एक पेड़ गिरने पर उसके साथ आई बिजली की तारें टूट गईं, जिसका करंट फैलने पर कियोस्क के बाहर सो रहे दो व्यक्ति चपेट में आ गए।
कॉलर सुनील (45) ने पुलिस को बताया था कि उनके साथ काम करने वाले उनके कर्मचारी रविंदर (30) और भरत (25) जो मधुबनी, बिहार के रहने वाले थे, शनिवार रात बाहर ही चटाई पर सो रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। एक स्ट्रीट डॉग भी चपेट में आया, जिसका भी दम घुटने पर मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस, दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा और बीएसईएस की टीम ने तत्काल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली, घायलों रविंदर और भरत को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। तत्काल दोनों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से प्रश्न चिह्न लगाती है, साथ ही घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की जरूरत पर जोर देती है।

