
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में चोरी का मामला सामने आया है। आसनतलिया स्थित इंदकाटा चौक के पास चौहान ढाबा में गुरुवार देर रात चोरी हुई। पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे एक अज्ञात युवती चोरी की नीयत से ढाबे में घुसी। उसने काफी देर तक ढाबे में सामान टटोला, लेकिन नकदी या कीमती सामान नहीं मिला।
खाली हाथ लौटने की बजाय वह फ्रीज में रखा चिकन लेकर फरार हो गई। उसकी हर हरकत सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। शुक्रवार सुबह ढाबा खोलने पर संचालक जितेंद्र चौहान को घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत चक्रधरपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के साथ पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है।
पुलिस फुटेज के आधार पर युवती की पहचान करने में लगी है। थाना पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान होते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है। इस घटना के बाद आसनतलिया और इंदकाटा चौक के व्यवसायियों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि आरोपी युवती तक पहुंचा जा सके।
Read Also: Chaibasa News: खेत से बरामद 25 किलो के बम को सेना ने किया डिफ्यूज

