Home » Chaibasa News: खेत से बरामद 25 किलो के बम को सेना ने किया डिफ्यूज

Chaibasa News: खेत से बरामद 25 किलो के बम को सेना ने किया डिफ्यूज

by Rajeshwar Pandey
Sonpokhari Bomb Defused
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनपोखरी, मुण्डा टोला के खेत में मिले 25 किलो के शक्तिशाली बम को शुक्रवार को भारतीय सेना ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों ने 23 जून 2026 मंगलवार को सोनपोखरी मुण्डा टोला के खेत में एक संदिग्ध विस्फोटक वस्तु देखी थी। सूचना पर मनोहरपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में यह बम जैसा विस्फोटक पदार्थ निकला। इसकी लंबाई 56 सेंटीमीटर, व्यास 42.5 सेंटीमीटर और वजन लगभग 20 से 25 किलो था।

तीन दिनों तक रखी गई लगातार निगरानी

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर विस्फोटक को सुरक्षित स्थान पर रख दिया।
तीन दिनों तक लगातार निगरानी रखी गई ताकि कोई अनहोनी न हो।पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर शुक्रवार 26 जून 2026 को भारतीय सेना की 23 इन्फेंट्री डिविजन की बीडीडीएस टीम को बुलाया गया। कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में रणवीर कुमार, संदीप कुमार चौधरी, आयुष समेत अन्य अधिकारियों और जवानों ने बम डिफ्यूज करने का जिम्मा संभाला।

बारिश से रुका काम, शाम को हुआ विस्फोट

डिफ्यूज की प्रक्रिया दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन ऐन वक्त पर तेज बारिश और वज्रपात शुरू हो गया। सुरक्षा कारणों से काम रोकना पड़ा। बारिश रुकने के बाद शाम को दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई। टीम ने विस्फोटक को तार से जोड़कर करीब 150 मीटर दूर से बैटरी के सहारे विस्फोट किया। तेज धमाके के साथ बम नष्ट हो गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान इलाके को खाली करा लिया गया था, इसलिए कोई नुकसान नहीं हुआ।

इस दौरान सीओ प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक, मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए डोडराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, सीआरपीएफ के शंभू नाथ यादव समेत सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के जवान मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक चाईबासा, अंचलाधिकारी मनोहरपुर, स्थानीय मुखिया और ग्राम प्रधान भी मौके पर उपस्थित थे।

जांच जारी, ग्रामीणों से अपील

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय रहते विस्फोटक को सुरक्षित नष्ट करने से बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि इतना बड़ा बम खेत में कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों या आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखे तो उसे छुएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Read Also: Chaibasa Health News : पोलियो से मुक्त होगा पश्चिमी सिंहभूम, जिला प्रशासन ने कस ली है कमर

Related Articles

Leave a Comment