Home » Chaibasa News : आमदा में बालू ढुलाई पर ग्रामीणों का एक्शन, खेतों से बालू ढुलाई पर भड़के ग्रामीण, 3 ट्रैक्टर पकड़े

Chaibasa News : आमदा में बालू ढुलाई पर ग्रामीणों का एक्शन, खेतों से बालू ढुलाई पर भड़के ग्रामीण, 3 ट्रैक्टर पकड़े

कोंगरा नदी में कथित अवैध खनन का आरोप, पुलिस और खनन विभाग की निगरानी पर उठाए सवाल

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के आमदा गांव में कथित अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार अहले सुबह ग्रामीणों ने बालू लदे एक ट्रैक्टर को खेत से गुजरते हुए पकड़ लिया। वहीं, कोंगरा नदी में बालू लोड कर रहे दो अन्य ट्रैक्टरों को उनके चालकों समेत पकड़ लिया। इस तरह ग्रामीणों ने कुल तीन ट्रैक्टर पकड़े।

किसानों की जमीन से हो रही थी ढुलाई

ग्रामीणों के अनुसार, गड़केशना गांव के समीप कोंगरा नदी से ट्रैक्टरों के जरिए बालू निकालकर ढुलाई की जा रही है। इस दौरान आमदा गांव की रैयत कृषि भूमि का इस्तेमाल रास्ते के रूप में किया जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार विरोध के बावजूद ट्रैक्टरों की आवाजाही बंद नहीं हुई, जिससे खेतों को नुकसान पहुंच रहा था।

सुदर्शन पान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्रवाई करते हुए खेत से गुजर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। इसके बाद नदी में बालू लोड कर रहे दो अन्य ट्रैक्टर भी पकड़े गए।

पुलिस और खनन विभाग से कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने कोंगरा नदी में कथित अवैध बालू खनन पर रोक लगाने और पकड़े गए ट्रैक्टरों के मालिकों एवं चालकों की पहचान कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसानों की जमीन को बालू ढुलाई का रास्ता नहीं बनने दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने पुलिस और खनन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। अब देखना है कि प्रशासन मामले की जांच कर अवैध खनन के आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और किसानों की जमीन की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Read Also Chaibasa Crime News : नोवामुंडी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाए 60 हजार रुपये, एक संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में

Related Articles

Leave a Comment