
रांची: मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को रांची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। जुलूस के दौरान विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और स्कूली बच्चों की आवाजाही में संभावित असुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय 27 जून को बंद रहेंगे। हालांकि, जिन विद्यालयों में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, वे अत्यंत आवश्यक होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराया जाए।

