Pakur: झारखंड के पाकुड़ जिले में मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किए गए डंपर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
यह वारदात 17 फरवरी की है, जब पीड़िता एक दुकान से सामान लेने गई थी। उसी दौरान गांव के ही कुछ युवकों और उनके साथियों ने उसे जबरन एक डंपर में उठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और तीन दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद पीड़िता जब अपने घर पहुंची, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। शुरुआत में इस मामले को लेकर गांव में ही पंचायत की गई। इसके कारण पुलिस तक सूचना पहुंचने में देर हुई। आखिरकार छह मार्च को पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घटना के खुलासे के लिए एसआईटी का किया गया था गठन
पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और छापेमारी के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया है।
यह तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में दशरथ किस्कू, सकल टुडू और प्रधान मरांडी हैं।
पुलिस ने बताया कि इन तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और उसकी स्थिति ठीक है।

