
गुमला : झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ पतराटोली पंचायत के ऊपरखोर गांव में सोमवार की रात एलपीजी सिलेंडर में हुए विस्फोट से एक मिट्टी का घर क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की एक दीवार गिर गई, जबकि खपरैल की छत को भी नुकसान पहुंचा। घर के अंदर रखे बर्तन, कपड़े समेत कई घरेलू सामान भी बर्बाद हो गए।
घटना के संबंध में गृहस्वामी आर्टिकोस मिंज ने बताया कि विस्फोट रात करीब 10 बजे हुआ। शाम के समय वह अपने पुत्र के साथ डूमरटोली गांव स्थित अपनी बहन के घर सोने चले गए थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने फोन कर उनके घर में तेज धमाका होने की सूचना दी।
मंगलवार सुबह जब आर्टिकोस मिंज अपने घर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर हैरान रह गए। रसोई में रखा एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण मकान को काफी क्षति पहुंची थी। उन्होंने बताया कि रसोई में एक सिलेंडर चूल्हे से जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा सिलेंडर पिछले गुरुवार को ही खरीदकर लाया गया था।
गृहस्वामी के मुताबिक, नया सिलेंडर अभी इस्तेमाल भी नहीं किया गया था और उसकी सील भी नहीं खोली गई थी। ऐसे में उसमें विस्फोट किस वजह से हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
घर खाली रहने से टला बड़ा हादसा
घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। इस कारण किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नवागढ़ पंचायत की मुखिया किरण डुंगडुंग मौके पर पहुंचीं और नुकसान का जायजा लिया। रायडीह थाना पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

