
Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में चेन छिनताई की घटना को अंजाम दिया गया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला की चेन छीन ली और फरार हो गए। महिला के आवेदन पर पुलिस ने मंगलवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जिस महिला के गले से सोने की चेन छीनी गई है, उसका नाम मनीषा है। वह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ही बाराद्वारी बसंत द्वार गांधी मार्ग की रहने वाली है। मनीषा ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार की रात लगभग 10:30 बजे अपने घर के बाहर किसी काम से निकली थी। तभी बाइक पर दो बदमाश आए और उसकी सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनको गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि इन दिनों जमशेदपुर में सोने के जेवरात की ठगी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं। 31 अगस्त को मानगो के कृष्णा उद्यान में एक फ्लैट में बदमाशों ने घुस कर लीलावती अम्मा के गहने लूट लिए थे। इसी तरह, 29 अगस्त को साकची के रामलीला मैदान के पास एक महिला मैत्रेई मजूमदार से बदमाशों ने पुलिस कर्मी बन कर गहने उतरवा लिए थे।

