हरदोई : उत्तर प्रदेश स्थित हरदोई जिले के आलमनगर मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार के खाई में पलट जाने से पांच लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक छह वर्षीय बच्ची भी शामिल है। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
बारात से लौट रही थी कार, अचानक अनियंत्रित होकर पलटी
यह हादसा शुक्रवार रात लगभग 3 बजे हुआ जब एक कार बारात से लौट रही थी। फत्तेपुर गाजी के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार सभी लोग कुसुमा थाना मंझिला क्षेत्र से बारात में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
मौके पर ही पांच की मौत, मृतकों में बच्ची भी शामिल
हादसे में जिन पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, उनकी पहचान इस प्रकार है…
जितेंद्र (22) पुत्र रघुवीर, निवासी ग्राम पटियानीम, थाना पाली
आकाश (18) पुत्र रघुवीर
सिद्धार्थ (6) पुत्र जितेंद्र
रामू (35)
जौहरी (40)
घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम, प्रशासन कर रहा जांच
जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजन दहाड़ें मारकर रोते नजर आए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार और लापरवाही बना हादसे का कारण
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे के समय सभी लोग नींद में थे, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
Read Also- JHARKHAND EDUCATION NEWS: JAC 12वीं का रिजल्ट जारी, यहां देखें रिजल्ट

