धनबाद : धनबाद के गोविंदपुर के जीटी रोड फकीरडीह के पास एक दर्दनाक हादसे हुआ। एक पिकअप वैन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक महिला और तीन बच्चियों को कुचल दिया, जिससे तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने एनएच पर जाम लगा दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम हो गया। मौके पर पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंचकर लोगों को शांत करने का प्रयास किया पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन जारी रखा।

दरवाजे पर खड़ी थी, तभी पिकअप वैन ने रौंद डाला
फकीरडीह गांव के निवासी जफर मंसूरी की 26 वर्षीय बेटी रूबी खातून अपनी 8 वर्षीय बेटी सीपत परवीन, 15 वर्षीय बहन जानवी उर्फ आयत परवीन और पड़ोसी दुर्गेश शाह की पुत्री को ट्यूशन के लिए रोड पार कराने के लिए सोमवार सुबह 7 बजे घर के दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान पिकअप वैन ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में रूबी खातून, उसकी बेटी सीपत परवीन और बहन जानवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पड़ोसी की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों का आक्रोश, प्रशासन मौके पर पहुंचा
परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। प्रशासन की ओर से बीडीओ जहीर आलम, अंचल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार दुबे, अंचल निरीक्षक कुमार सत्यम भारद्वाज और थाना प्रभारी मोहम्मद रुस्तम अली ने घटनास्थल पर पहुंचकर जाम हटाने का प्रयास किया। वाहन बिहार का बताया जा रहा है। वाहन मालिक ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने और घायल के इलाज में मदद का आश्वासन दिया है। प्रशासन भी मुआवजे की मांग पर विचार कर रहा है।

