Home » कांग्रेस अगर आ गई, तो एक ईंट नहीं लगेगी, शिवराज सिंह चौहान के बेटे के इस बयान से मचा बवाल

कांग्रेस अगर आ गई, तो एक ईंट नहीं लगेगी, शिवराज सिंह चौहान के बेटे के इस बयान से मचा बवाल

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान के बयान पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कार्तिकेय अभी से ऐसे भाषण मत दो। अपने पिता से सीखो। लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष दोनों मिलकर भारत निर्माण में सहयोग करते है।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

भोपालः केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। जहां वे लोगों को धमकी भरे लहजे में कह रहे है कि यदि कांग्रेस विधायक को वोट दिया जाता है और वो जीतता है, तो पूरे निर्वाचन क्षेत्र में एक भी ईंट नहीं लगाई जाएगी। ये बयान उन्होंने बुधनी सीट पर होने वाले उपचुनाव के परिप्रेक्ष्य में दिया है। बुधनी सीट उनके पिता शिवराज सिंह का लंबे समय से निर्वाचन क्षेत्र रहा है।

किस मुंह से जाएंगे नेताओं के पास

कार्तिकेय बुधनी में भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान में रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। कार्तिकेय ने कहा कि “अगर 19-20 होता है, तो आप समझिए किसका नुकसान होगा। हम अपने पैरों पर क्यों कुल्हाड़ी मारें भाई। अपनी पोलिंग में गड़बड़ी करके हम क्यों अपनी इज्जत खराब करें। क्या हमको अपने मुख्यमंत्री के पास काम कराने नहीं जाना है। क्या हमें आदरणीय कृषि मंत्री के पास काम कराने के लिए नहीं जाना है। बताइए सरपंच जी कैसे काम कराएंगे आप। जवाब दीजिए। किस मुंह से जाएंगे हम हमारे नेताओं के पास। कौन सी सड़क लेकर जाओगे। अगर गलती से एक भी कांग्रेस विधायक आ जाता है, तो एक ईंट किसी के गांव में नहीं लगने वाली है।“

10 साल में मैंने ऐसी भाषा नहीं बोली

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कार्तिकेय अभी से ऐसे भाषण मत दो। अपने पिता से सीखो। लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष दोनों मिलकर भारत निर्माण में सहयोग करते है। 10 साल तक मैं मुख्यमंत्री रहा, लेकिन कभी ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। आपके पिता गवाह है। पंचायत राज कानून में निर्माण काम करने की जिम्मेदारी पंचायत की होती है, न कि विधायक की। और आप तो न सरपंच है न विधायक। आप मेरे पुत्र नहीं, पौत्र समान है। यह मेरी राय है, आप मानें या न मानें। आप जानें।”

आपने प्रदेश को विनाश की कगार पर छोड़ दियाः कार्तिकेय सिंह चौहान

इस पर कार्तिकेय ने पलटवार करते हुए कहा कि बुधनी के लोग अब भी सीएम के तौर पर दिग्विजय सिंह के 10 साल के शासन से डरे हुए है। कार्तिकेय ने कहा कि मैं दिग्विजय सिंह का सम्मान करता हूं। इससे मुझे खुशी होती है कि चाचा साहब मेरे बयानों को करीब से देखते है। जब उनके और कांग्रेस नेताओं के बयानों की बात आती है, तो वो सिर्फ डर की बात करते है।

Related Articles