Home » वक्फ बोर्ड की बैठक में TMC सांसद इस कदर भड़के कि टेबल पर ही फोड़ दी कांच की बोतल

वक्फ बोर्ड की बैठक में TMC सांसद इस कदर भड़के कि टेबल पर ही फोड़ दी कांच की बोतल

जेपीसी द्वारा वक्फ बोर्ड की बैठक में पहले भी हंगामा होता रहा है। पिछले सप्ताह हुई बैठक में भी जमकर हंगामा हुआ था, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर लिया था।

by Reeta Rai Sagar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सेंट्रल डेस्क। संयुक्त संसदीय समिति (JPC) ने वक्फ बिल को लेकर एक बैठक आय़ोजित की। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी और बीजेपी सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय के बीच झड़प हो गई। झड़प इतनी बढ़ गई कि कल्याण बनर्जी चोटिल हो गए।

टीएमसी नेता को लगे चार टांके

JPC की बैठक में मामला इतना गरम हो गया कि कल्याण बनर्जी ने कांच की बोतल फोड़ दी, जिससे उन्हें हाथों में काफी चोटें आई और उनके हाथ में चार टांके लगाने पड़े। इस तीखी झड़प के बाद बैठक को कुछ देर के लिए स्थगित कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना कि कल्याण ने अचानक से बोतल उठाकर टेबल पर फोड़ दी।

क्या हुआ बैठक में
जेपीसी बैठक में ये बहस ओडिशा समूह के साथ बैठक के दौरान हुई। बैठक में जस्टिस इन रियलिटी, कटक, ओडिशा और पंचसखा प्रचार कटक, ओडिशा बानी मंडली अपने सुझाव रख रहे थे। संसद परिसर में हुई इस घटना में कई रिटायर्ड जज, वरिष्ठ अधिवक्ता और बुद्धिजीवी मौजूद थे। इस दौरान कल्याण बनर्जी उठकर बोलने लगे। चूंकि वो इस बैठक में कई बार बोल चुके थे, इसलिए बीजेपी सांसद गंगोपाध्याय ने उनके बोलने पर आपत्ति व्यक्त की। सूत्रों ने बताया कि गंगोपाध्याय के रोकने पर कल्याण ने उन्हें बेहद आपत्तिजनक शब्द कहे। इसके बाद दोनों ही नेताओं ने एक-दूसरे पर अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद गुस्से में तमतमाए टीएमसी नेता ने कांच की बोतल मेज पर पटक दी और वो खुद चोटिल हो गए।

बार-बार होता है इस बैठक में हंगामा

जेपीसी द्वारा वक्फ बोर्ड की बैठक में पहले भी हंगामा होता रहा है। पिछले सप्ताह हुई बैठक में भी जमकर हंगामा हुआ था, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर लिया था। खबरों के अनुसार, विपक्षी सांसदों का आरोप था कि बीजेपी सांसद उनके खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल करते है। विपक्षी सांसदों ने कहा कि समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने भी सबकुछ देखते हुए बीजेपी सांसदों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की। दूसरी ओर बीजेपी सांसदों का आरोप था कि विपक्षी सांसदों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।

Related Articles