
रांची : रांची रेल मंडल से होकर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। 5 सितंबर को किता-सिल्ली रेलखंड पर रेलवे विकास कार्य करने जा रहा है। इस काम को पूरा करने के लिए रेलवे ने ब्लॉक लिया है। इस वजह से कई ट्रेनों के परिचालन पर सीधा असर पड़ेगा। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है, जबकि कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया है।
अधूरी दूरी तय करेंगी ये ट्रेनें
बर्द्धमान-हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस 5 सितंबर को गोमो स्टेशन तक ही जाएगी। गोमो से ही यह वापस लौट जाएगी। गोमो से हटिया के बीच इसकी सेवा बंद रहेगी।
खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस केवल आद्रा स्टेशन तक चलेगी। आद्रा से हटिया के बीच इसका परिचालन नहीं होगा।
आसनसोल-रांची-आसनसोल मेमू पैसेंजर मुरी स्टेशन पर ही रुक जाएगी। मुरी से रांची के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी।
ये गाड़ियां रहेंगी रद्द
- हटिया-सांकी पैसेंजर 58663/58664- दोनों तरफ से इस ट्रेन का परिचालन 5 सितंबर को बंद रहेगा।
- हटिया-सांकी पैसेंजर 58665/58666- इस दूसरी जोड़ी ट्रेन को भी दोनों दिशाओं में रद्द रखा गया है।
रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों को सलाह दी है कि 5 सितंबर को स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति जरूर चेक कर लें, ताकि सफर के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।

