जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार को जोरदार वर्षा हुई। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में जल जमाव की स्थिति पैदा हो गयी। इस दौरान विभिन्न इलाकों में घरों से लेकर अस्पताल तक में पानी घुस गया। इससे लोगों के साथ-साथ मरीजों, चिकित्सकों तक की परेशानी बढ़ गई। सोमवार के दिन में कभी धूप तो कभी बादल दिख रहा था, शाम साढ़े तीन बजे के बाद मौसम का मिजाज बदला।
इसके बाद चारों तरफ बादल ने घेर लिया। दिन में ही अंधेरा छा गया। शाम साढे़ चार बजे से शुरू हुई वर्षा देर रात तक होती रही। शाम 4.30 से 6.30 बजे तक जोरदार वर्षा हुई। इस दौरान मानगो डिमना रोड के देशबंधु लाइन, पारस नगर, डिमना बस्ती, दरभंगा डायरी रोड सहित अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया। कई लोगों के घरों में नाली का भी पानी प्रवेश कर गया। देर रात तक पानी को निकालने में लोग जुटे रहें।

एमजीएम अस्पताल में घुसा पानी
कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम के नए इमरजेंसी विभाग में भी पानी खिड़की के माध्यम से घुस गया। इस दौरान जिन मरीजों के बेड खिड़की से सटे थे, उनका बिस्तर भीग गया। विभाग के फर्श भीग जाने से फिसलन जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके बाद किसी तरह से कर्मचारियों ने पानी को बाहर निकाला।

इन इलाकों में सड़क पर जमा हुआ पानी
बिष्टुपुर, साकची, सोनारी, टेल्को, कदमा सहित अन्य क्षेत्र के मुख्य सड़कों पर पानी का जमाव हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वर्षा इतनी तेज थी कि जो जहां था, वहीं फंसा रहा।

मंगलवार को शहर में जोरदार वर्षा होने की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी शहर में जोरदार वर्षा होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधान होने की जरूरत है। सोमवार को शहर में जिस तरह से वर्षा हुई उसे देख लोग कह रहे थे कि अगर इसी तरह से अगले दो से तीन दिनों तक वर्षा हुई तो जिले में सुखाड़ की स्थिति दूर हो जाएगी। पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी तक 237.9 एमएम वर्षा हुई है। जबकि औसत 307.5 एमएम वर्षा होनी चाहिए।

तेजी से बढ़ रहे डेंगू, जेई व चिकनगुनिया के मरीज
शहर में बरसाती बीमारी तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को एक चिकनगुनिया के नए मरीज मिले तो वहीं, आठ डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई। चिकनगुनिया मरीज का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वह मानगो का रहने वाला है। जिले में अभी तक 20 चिकनगुनिया मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, डेंगू मरीजों में तीन मानगो व एक सरायकेला के मरीज हैं।
जबकि चार मरीज एमजीएम मेडिकल कालेज के एमबीबीएस छात्र हैं। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। इसके साथ ही सोमवार को छह डेंगू के संदिग्ध मरीज भी मिले। जिला सर्विलांस विभाग ने उन मरीजों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कालेज भेजा है। रिपोर्ट बुधवार तक आने की उम्मीद है। इन मरीजों का इलाज टिनप्लेट व गुरुनानक अस्पताल में चल रहा है। ये मरीज बारीडीह, गोलमुरी व मानगो के रहने वाले हैं।

