Jamshedpur : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने वर्ष 2026 के लिए कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है। परिषद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 8वीं की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा 25 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक विभिन्न पालियों में संपन्न होगी।
कक्षा 9वीं की बोर्ड परीक्षा 28 फरवरी तथा 2 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी।परीक्षा तिथियों की घोषणा से राज्यभर के लाखों छात्र-छात्राओं और विद्यालयों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। जैक ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे समय पर पाठ्यक्रम पूरा कर छात्रों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करें। पूर्वी सिंहभूम जिले में इन तीनों परीक्षाओं में 60 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। कक्षा 9वीं और 11वीं की बोर्ड परीक्षा उन्हीं परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जहां कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा संपन्न होगी।
कक्षा 8वीं के परीक्षा की तिथि:कक्षा 8वीं की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी 2026 (मंगलवार) को आयोजित की जाएगी। इसमें हिंदी/अंग्रेजी तथा गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षाएं दो पालियों में ली जाएंगी।
11वीं कक्षा की तिथि: कक्षा 11वीं की परीक्षा 25 से 27 फरवरी 2026 के बीच तीन दिनों में आयोजित होगी। इन दिनों छात्रों को मुख्य भाषा और विषय आधारित परीक्षाएं देनी हैं, जिनके अनुसार समय सारिणी निर्धारित की गई है।
कक्षा 9वीं की तिथि: कक्षा 9वीं की बोर्ड परीक्षा 28 फरवरी एवं 2 मार्च 2026 को दो अलग-अलग दिनों में आयोजित की जाएगी। इसमें छात्रों को विभिन्न विषयों की मुख्य परीक्षाएं देनी हैं।

