Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर निवासी 18 वर्षीय युवती तमन्ना सिंह को पुलिस ने उसके लापता होने के आठवें दिन सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने कलाकार को उसके परिजनों को सौंप दिया है। युवती 28 फरवरी को घर से शूटिंग करने की बात कहकर निकली थी। मगर, देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने मामले की शिकायत सोनारी थाने में दर्ज कराई थी।
छह मार्च को लापता हुई थी तमन्ना
इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, मगर, कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने इस मामले में सोनारी थाना में 6 मार्च को गुमशुदगी का सानेहा दर्ज कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से युवती की लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।
लोकेशन के आधार पर छापेमारी
जांच के दौरान मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र में छापेमारी कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस युवती को थाना लेकर आई। यहां जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। युवती के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है।
भोजपुरी गीतों में करती है डांस
गौरतलब है कि तमन्ना सिंह सोशल मीडिया पर रील बनाने के साथ-साथ भोजपुरी गीतों में डांस शूटिंग और विभिन्न डांस कार्यक्रमों में भी भाग लेती है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती अपने डांस और इवेंट पार्टनर विक्की कुमार के साथ स्वेच्छा से घूमने गई थी। फिलहाल पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद मामले को खत्म कर दिया है।

