
Jamshedpur : झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के दौरे के दौरान परिसदन में समीक्षा बैठक आयोजित की। समिति के सभापति रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, तकनीकी विभाग, नगर निकाय तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े लंबित मामलों और प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। समिति ने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पात्र एवं अहर्ताधारी आश्रितों के आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
सदाचार समिति ने पूर्वी सिंहभूम में अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया पर संतोष जताते हुए कहा कि दिवंगत सरकारी कर्मियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक संबल उपलब्ध कराना इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसलिए किसी भी पात्र आवेदक के आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाए, ताकि आश्रितों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। बैठक में अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा की गई।
Read Also: Jamshedpur news : श्रम विभाग का timken इंडिया लिमिटेड को नोटिस

