
रांची : झारखंड राज्य संविदा/एकमुश्त/अनुबंध/दैनिक कर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर मोर्चा की आमसभा रविवार को पुरानी विधानसभा मैदान के समक्ष आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अशोक कुमार सिंह (नयन) ने की। सभा में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा हाल ही में जारी भर्ती संबंधी संकल्प का विरोध करते हुए वर्षों से कार्यरत संविदा कंप्यूटर ऑपरेटरों को बिना परीक्षा नियमित करने की मांग उठाई गई। इस बैठक में झारखंड राज्य सचिवालय सहित सभी जिलों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए।
20-25 वर्षों से दे रहे सेवा
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड गठन के बाद से विभिन्न विभागों में 20 से 25 वर्षों से संविदा, एकमुश्त, अनुबंध और दैनिक कर्मी के रूप में कंप्यूटर ऑपरेटर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जारी संकल्प में कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर 85 प्रतिशत सीधी भर्ती का प्रावधान किया गया है, जबकि वर्षों से कार्यरत कर्मियों को केवल 15 प्रतिशत वेटेज देकर प्रतियोगी परीक्षा में शामिल करने की व्यवस्था की गई है।
इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा गया कि दिन-रात सरकारी कार्य करने वाले कर्मियों का अनुभव नजरअंदाज किया जा रहा है। मोर्चा की मांग है कि पहले तीन से चार हजार कार्यरत संविदा, एकमुश्त, अनुबंध और दैनिक कर्मी कंप्यूटर ऑपरेटरों का वरीयता के आधार पर बिना परीक्षा नियमितीकरण एवं समायोजन किया जाए, इसके बाद ही शेष रिक्त पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
सभा में वित्त विभाग द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटरों को मिलने वाले 2400 ग्रेड पे के लाभ को समाप्त किए जाने का भी विरोध किया गया। इसे तत्काल बहाल करने की मांग करते हुए कहा गया कि संविदा कर्मियों के हितों में कटौती स्वीकार नहीं की जाएगी।
10 अगस्त को मोराबादी मैदान में जुटेंगे
मोर्चा ने कहा कि मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपेक्षा है। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 10 अगस्त को मोराबादी मैदान में राज्यभर के संविदा, एकमुश्त, अनुबंध और दैनिक कर्मी कंप्यूटर ऑपरेटरों का बड़ा सम्मेलन आयोजित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सभा में राजेश कुमार आजाद, संतोष तिवारी, लोकेश कुमार यादव, मिथिलेश कुमार, अनुज सिन्हा, मोतीलाल महतो, चंदन हलदर, रविंद्र कुमार, निलय कुमार, धनंजय कुमार, संजीव कुमार, विनय कुमार, पुष्पा कुमारी, अर्जुन कुमार और रणजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे।

