
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने हेमन्त सोरेन को सौंपे आवेदन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दिवंगत रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
नेमरा पहुंचे लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों से आवेदन प्राप्त किए। इसके बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की ओर से उठाये गये मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका त्वरित और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुलाकात के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस दौरान सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
वहीं, नेमरा पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री की दिवंगत माता रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

