जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी ने फर्नेस में अपने घरेलू समर्थकों के सामने दमदार प्रदर्शन किया और आईएसएल के सेमीफाइनल के पहले चरण में मोहन बागान सुपर जायंट को 2-1 से शिकस्त दी। 23वें मिनट में जावी सिवेरियो ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। स्टीफन एज़े के शानदार सेट पीस पर सिवेरियो ने बिना समय गंवाए गेंद को नेट में पहुंचाया, जिससे पूरे स्टेडियम में खुशी की लहर दौड़ गई।
मोहन बागान की वापसी, कमिंग्स का शानदार फ्री-किक

हालांकि, मोहन बागान एसजी ने भी आक्रामक तेवर दिखाए और 38वें मिनट में बराबरी कर ली। जेसन कमिंग्स ने एक शानदार फ्री-किक को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया। पहले हाफ के अंत तक दोनों टीमों ने कई हमले किए, लेकिन कोई और गोल नहीं हुआ।
हर्नांडेज़ का करिश्मा, अंतिम क्षणों में निर्णायक गोल
दूसरे हाफ में मोहन बागान ने दबदबा बनाने की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की रक्षापंक्ति ने मजबूती से डटे रहकर उनके हमलों को विफल किया। जब ऐसा लग रहा था कि मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है, तभी 90+4वें मिनट में रित्विक दास के शानदार असिस्ट पर जेवी हर्नांडेज़ ने गोल कर टीम को 2-1 की अविश्वसनीय जीत दिला दी।
कोलकाता में जमशेदपुर को ड्रॉ भी देगा फाइनल का टिकट

अब जमशेदपुर एफसी 7 अप्रैल को कोलकाता में होने वाले दूसरे चरण में 2-1 की बढ़त के साथ उतरेगी। मोहन बागान एसजी को अपने घरेलू मैदान पर वापसी करने के लिए जीत जरूरी होगी, जबकि जमशेदपुर को सिर्फ एक ड्रॉ चाहिए। ताकि वे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर सके।
Read also – Bagbera Water Crisis : गर्मी बढ़ते ही बागबेड़ा में जल संकट, खाली बाल्टी के साथ डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन

