जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय की देख रेख में स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के द्वारा पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाल मेला का आयोजन सिदगोड़ा चिल्ड्रेन पार्क में किया जाएगा। इसकी जानकारी बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में विधायक सरयू राय ने एक बैठक में दी है। बैठक में बाल मेला के आयोजन को लेकर विस्तृत से चर्चा की गयी।
विधायक सरयू राय ने कहा कि अंतराष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर 20 नवंबर, 2023 को 7 दिवसीय बाल मेला का शुभारंभ होगा।वहीं मेला का समापन 26 नवंबर, 2023 को होगा। इस बाल मेले में नर्सरी से लेकर 10वीं तक के बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेला के संपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी ‘मेरी मी इवेंट’ को दी गयी है।
बाल मेला में बच्चों के लिए क्या रहेगा खास
20 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले बाल मेला में बच्चों के लिए टेबल टेनिस, कबड्डी, बॉलीबॉल, बैंडमिंटन, शतरंज, कैरम, स्वीमिंग, फैंसीड्रेस प्रतियोगिता, बच्चों के गीत-संगीत, नृत्य, पेंटिंग सहित कई खेलकूद तथा शैक्षणिक गतिविधियां, विज्ञान प्रदर्शनी, बाल फिल्मस, मनोरंजक कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जाएगा।
बाल मेला के दौरान विद्यार्थियों के लिए परीक्षा और कैरियर से संबधित मोटिवेशनल स्पीच आदि कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस मेले में बाल सामग्रियों के कई स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाये जाएंगे। इस मेले में देश के कई राज्यों से बच्चों के मनोरंजन के लिए कलाकारों को आमंत्रित किया जा रहा है।
क्या कहा विधायक सरयू राय ने?
बाल मेला को लेकर विधायक सरयू राय ने कहा कि इस वर्ष का बाल मेला विगत वर्ष की तुलना में ज्यादा दिनों का तथा बाल हित में होगा। बच्चों की सहभागिता के लिए निजी एवं सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

पिछले वर्ष भी बाल मेला का हुआ था आयोजन
विधायक सरयू राय के देख रेख में पिछले वर्ष भी तीन दिवसीय बाल मेले का आयोजन किया गया था। उस समय कम समय में ही मेला की तैयारी हुई थी। मेले का ज्यादा प्रचार प्रसार एवं सूचना न होने के बावजूद भी शहरवासियों का अपार समर्थन मिला और बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखा गया था।
पिछले वर्ष के मेले की सफलता को देखकर मेला में ही विधायक सरयू राय ने घोषणा की थी कि वर्ष 2023 में भी बाल मेला का आयोजन पूरी तैयारी के साथ एवं व्यापक स्तर पर किया जाएगा। इस वर्ष बाल मेला का भव्य आयोजन को लेकर अभी से तैयारी शुरू हो गया है।
बैठक में शामिल लोग
आज की बैठक में स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल,आशुतोष राय, विधायक शिक्षा प्रतिनिधि एसपी सिंह, निजी सचिव सुधीर सिंह, आनंद कुमार, मेरी मी इंवेट के राजेश कुमार, सुनील सिंह, राज सिंह आदि उपस्थित थे।

