Jamshedpur : जमशेदपुर में डीसी ऑफिस सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने राज्य एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं, डीएमएफटी, वित्त आयोग और सीएसआर के तहत चल रहे कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि समन्वय की कमी के कारण किसी भी योजना में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें आपसी संवाद और तालमेल बेहद जरूरी है।
बैठक में आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों जैसे भूमि हस्तांतरण, बिजली कनेक्शन, लाभुक सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया में समन्वय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, बिजली व्यवस्था, रैंप और अन्य सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिविल सर्जन को उपयोगी और अनुपयोगी स्वास्थ्य भवनों की सूची सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया।शिक्षा और कल्याण विभाग को छात्रावासों की स्थिति की समीक्षा कर बंद पड़े हॉस्टल को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया। जमशेदपुर हाईस्कूल बिष्टुपुर में तोड़फोड़ की घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अनाथ बच्चों की पहचान कर उन्हें स्कूलों में नामांकन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश भी दिया गया।
साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि बच्चों को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाने जैसी घटनाओं पर निगरानी रखी जाए।आपूर्ति विभाग को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की किल्लत पर नजर रखने और संबंधित थानों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए खराब चापाकलों और जलमीनारों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारू करने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा खनन विभाग को जब्त खनिजों की नीलामी प्रक्रिया तेज कर राजस्व जमा करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी हकीकत जानने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो अधिकारियों पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला और मुसाबनी के अंचल अधिकारी पवन कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर में घर के अंदर गिरने से वृद्ध की मौत, परिवार में मातम

