Jamshedpur : उलीडीह थाना पुलिस ने 63 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ राजेंद्र नगर के कुंवर सिंह रोड के रहने वाले मनोज कुमार दास को गिरफ्तार किया है। लिखा पढ़ी करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। यह गिरफ्तारी बुधवार को की गई। जो ब्राउन शुगर बरामद हुई है उसका वजन 5.01 ग्राम है। उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के आवासीय परिसर के जर्जर मकान मेंकुछ लोग नशीले पदार्थ की खरीद बिक्री कर रहे हैं। इसी पर छापामारी कर यह गिरफ्तारी की गई है। छापामारी दल का नेतृत्व पटमदा डीएसपी कर रहे थे।
सीतारामडेरा में युवक ने की आत्महत्या, नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर उठाया कदम

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह बस्ती में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। बुधवार को पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया गया है।मृतक 35 वर्षीय दयाल बाग है, जो भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल में मजदूरी का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार देर रात नशे की हालत में घर लौटा और दोबारा नशा करने के लिए घरवालों से पैसे मांगने लगा। जब परिवार ने पैसे देने से इंकार किया, तो उसने घरवालों के साथ मारपीट की और गुस्से में खुद को कमरे में बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब घरवालों ने दरवाजा खटखटाया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए दयाल बाग फांसी के फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजनों ने पड़ोसियों और भगीने की मदद से उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन छोटी बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुगसलाई से लापता हो गया वृद्ध, बेटे ने दर्ज कराई शिकायत

जुगसलाई के स्टेशन रोड स्थित बद्रीनाथ अपार्टमेंट के रहने वाले वृद्ध जगदीश्वर राव 22 मार्च से लापता हैं। उनके बेटे भीमराव नामगिरी ने जुगसलाई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बेटे ने बताया कि 22 मार्च की सुबह 9:00 बजे उनके पिता अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्ड को चाबी देकर गए और कहा कि कुछ देर में वह वापस आएंगे। लेकिन, वह वापस नहीं आए। फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनका फोन बंद है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गम्हरिया से फरार चल रहा चोरी का आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र की एक इस्पात कंपनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी भोला लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कंपनी में 11 मार्च की रात चोरी हुई थी। स्टोर रूम से सामान चोरी हुआ था। इस मामले में पहले ही पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

