Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के बाटा चौक स्थित करण सिंह की जेम्स दुकान में शनिवार को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने नौ घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और अरबाज खान नामक युवक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किए गए लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के कीमती रत्न बरामद किए गए हैं।
विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी है और शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। जुगसलाई पुलिस ने महज नौ घंटे के अंदर आरोपी को पार्वती श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया और चोरी की गई सामग्री भी बरामद कर ली।
फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गौरतलब है कि पुलिस ने पहले इस घटना का सीसीटीवी फुटेज हासिल किया सीसीटीवी फुटेज में अरबाज दो बार जेम्स की दुकान में घुसकर निकलता दिख रहा है। पहली बार वह वहां से निकला तो उसके हाथ में छोटा सा कोई पैकेट था।
थोड़ी दूर सड़क पर चलने के बाद फिर वह दुकान के अंदर घुसा और इस बार जेम्स का पूरा डिब्बा उठा कर बाहर निकाला। डिब्बे को वह कपड़े में छिपाए हुए था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अरबाज खान की पहचान की और उसके बाद छापामारी कर उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि अरबाज खान ने पार्वती घाट के पास जेम्स के डिब्बे को छिपा दिया था। अरबाज की निशानदेही पर जेम्स का डिब्बा बरामद किया गया। अरबाज एक शातिर चोर है, जो खाली दुकान देखकर उसमें घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देता है।


